राजस्थान : SI भर्ती परीक्षा-2021 रद्द, RPSC दोबारा परीक्षा कराएगा, सिर्फ पुराने अभ्यर्थियों को मौका

SI भर्ती-2021 में धांधली पर RPSC की बड़ी कार्रवाई
पुलिस
पुलिस
Published on

जयपुर : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने लंबे समय से विवादों में घिरी रही 'उपनिरीक्षक पुलिस/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021' को निरस्त करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि आयोग यह परीक्षा फिर से करवायेगी। आयोग ने राज्य सरकार की अनुशंसा और अदालत के फैसले के आधार पर यह निर्णय लिया है।

आयोग के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने कहा कि 859 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी और दोबारा होने वाली परीक्षा में केवल वही उम्मीदवार बैठने के पात्र होंगे जो 2021 की परीक्षा में शामिल हुए थे।

उन्होंने बताया कि ऐसे उम्मीदवारों की संख्या लगभग 3.83 लाख है जो 2021 में 13 से 15 सितंबर तक आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों पेपरों में शामिल हुए थे।

साहू ने कहा कि उम्मीदवारों को अपने पहले से जमा किए गए आवेदन पत्रों में सुधार और उन्हें अपडेट करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए आनलाइन विकल्प 16 मई से 30 मई तक खुला रहेगा।

अध्यक्ष ने कहा कि इस दौरान, उम्मीदवार अपना मोबाइल नंबर, ईमेल पता और पत्राचार का पता जैसी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन पत्र में कोई भी बदलाव करने से पहले उम्मीदवारों के लिए अपने 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (OTR) में 'KYC' प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि ‘OTR’ से उम्मीदवार की लाइव तस्वीर, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपने आप आवेदन पत्र में आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदवारों की ‘OTR’ में ‘KYC’ प्रक्रिया अधूरी है उन्हें सुधार करने से पहले इसे पूरा करना होगा।

राजस्थान हाई कोर्ट की एकल पीठ ने पिछले साल अगस्त में SI भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने का आदेश दिया था। इस साल अप्रैल में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने भी इस आदेश को बरकरार रखा।

चयनित प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों (SI) ने हाई कोर्ट की खंडपीठ के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हांलाकि, सुप्रीम कोर्ट ने हाल में उनकी 'विशेष अनुमति याचिका' (SLP) को खारिज कर दिया।

इस परीक्षा के दौरान 'डमी उम्मीदवारों' का इस्तेमाल करने और अन्य अनुचित साधनों का सहारा लेने के आरोप में राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (SOG) ने कई प्रशिक्षु SI को गिरफ्तार किया था। जिन उम्मीदवारों का चयन इस परीक्षा में नहीं हुआ वे इसे रद्द करने की मांग कर रहे थे लेकिन चयनित परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in