राजस्थान : साध्वी प्रेम बाईसा की 'संदिग्ध मौत', निष्पक्ष जांच की मांग पर श्रद्धालुओं का प्रदर्शन

'इंस्टाग्राम हैंडल' पर पोस्ट किए गए एक आत्महत्या नोट से कई सवाल खड़े हो गए
साध्वी प्रेम बाईसा
साध्वी प्रेम बाईसा
Published on

जोधपुर : राजस्थान के जोधपुर में एक महिला धार्मिक उपदेशक साध्वी प्रेम बाईसा की अपने आश्रम में 'बुखार' के उपचार के दौरान कथित तौर पर 'अचेत' होने के बाद मौत हो गई जिसके बाद श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे और उन्होंने अचानक और 'संदिग्ध मृत्यु' की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

साध्वी की मृत्यु के बाद बुधवार शाम को उनके आधिकारिक 'इंस्टाग्राम हैंडल' पर पोस्ट किए गए एक कथित आत्महत्या नोट से उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी)-पश्चिम छवि शर्मा ने बताया कि 25 वर्षीय साध्वी को उसके पिता और एक युवक शाम करीब छह बजे कार में एक निजी अस्पताल लेकर आए थे।

अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद चिकित्सकों ने साध्वी को मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने कहा, हमने शव को सरकारी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर ली है, जहां आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि साध्वी को बुखार था और इंजेक्शन लगाने के लिए आश्रम में एक कंपाउंडर को बुलाया गया था, जिसके बाद वह अचेत हो गईं। पुलिस ने बताया कि साध्वी ने आश्रम में ही दवाइयां ली थीं।

साध्वी की मृत्यु की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम में एकत्रित हो गए। उन्होंने नारेबाजी की और साध्वी की 'अचानक और संदिग्ध मृत्यु' की निष्पक्ष जांच की मांग की। साध्वी ने इंस्टाग्राम पर अपने आखिरी पोस्ट में एक 'अग्निपरीक्षा' का जिक्र किया, और कहा कि उन्हें अपनी मृत्यु के बाद 'न्याय' की उम्मीद है।

साध्वी ने लगभग छह महीने पहले पुलिस से संपर्क किया था और आरोप लगाया था कि उनके कुछ कर्मचारियों द्वारा 'छेड़छाड़ किए गए' एक वीडियो को लेकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। उन्होंने कथित तौर पर 'चरित्रहनन' किए जाने और वीडियो के लिए 20 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया था।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in