राजस्थान : 6 साल में विदेशी पर्यटकों की संख्या 336% बढ़ी

2020 के 4.46 लाख से 2025 में 19.45 लाख तक पहुंचा आंकड़ा
पर्यटक
पर्यटक
Published on

जयपुर : राजस्थान आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में पिछले 6 वर्षों के दौरान 336 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। राजस्थान सरकार के हवाले से राज्यसभा में यह जानकारी दी गई।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि राजस्थान सरकार के अनुसार 2020 में राज्य में 4.46 लाख विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 19.45 लाख हो गई। हालांकि, कोविड-19 महामारी के दौरान पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई थी।

आंकड़ों के अनुसार, 2021 में राजस्थान विदेशी पर्यटकों की संख्या घटकर 0.35 लाख रह गई थी। इसके बाद इसमें लगातार वृद्धि हुई और 2022 में यह 3.97 लाख, 2023 में 17 लाख तथा 2024 में बढ़कर 20.72 लाख तक पहुंच गई।

पर्यटक
लोक चिकित्सा की ओर लौटता राजस्थान

आंकड़ों से यह भी स्पष्ट होता है कि इसी अवधि में घरेलू पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वर्ष 2020 में राज्य में 151.17 लाख घरेलू पर्यटक आए थे, जबकि 2025 में उनकी संख्या बढ़कर 2,525.03 लाख हो गई।

शेखावत ने कहा कि राजस्थान में अलग-अलग पर्यटन स्थलों से होने वाले राजस्व का अलग से विवरण नहीं रखा जाता। सामान्यतः पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल की बुकिंग और पर्यटन से होने वाली आय में भी वृद्धि होती है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों और पर्यटन उत्पादों की पहचान, उनका विकास तथा प्रचार-प्रसार एक सतत प्रक्रिया है, जिसका दायित्व मुख्य रूप से संबंधित राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन का होता है।

मंत्री ने बताया कि राजस्थान सरकार आधारभूत ढांचे के विकास और लक्षित विपणन के माध्यम से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। वहीं, पर्यटन मंत्रालय स्वदेश दर्शन, पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता तथा तीर्थयात्रा पुनरुद्धार एवं आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान जैसी केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान कर इन प्रयासों को मजबूती दे रहा है।

पर्यटक
राजस्थान में भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी
Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in