राजस्थान : सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को
जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का केवल आध्यात्मिक उत्थान ही नहीं हो रहा बल्कि वह दुनिया की एक प्रमुख आर्थिक और सैन्य ताकत के रूप में भी उभरा है। उन्होंने कहा कि योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।
शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जैसलमेर के खुड़ी सैंड ड्यून्स में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया और यहां स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास किया। बाद में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का केवल आध्यात्मिक उत्थान ही नहीं हो रहा बल्कि आज देश विश्व की एक प्रमुख आर्थिक और सैन्य ताकत के रूप में भी उभरा है।
उन्होंने कहा, देश की सैन्य ताकत की बानगी हाल में दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में देखी है। हमारे वीर जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुश्मन के छक्के छुड़ा के हम सबको गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। उनके प्रयासों से योग को वैश्विक लोकप्रियता प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर हम भी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को विकसित करने के लिए करीब 100 करोड़ रुपए के विकास के कार्य करने जा रहे हैं। इसमें जैसलमेर में तनोट माता मंदिर और रामदेवरा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पाकिस्तान जाने वाले पानी को रोककर सिंधु चिनाब का पानी राजस्थान लाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, योग विश्व को भारतीय सभ्यता की देन है। योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है यह शरीर, मन, बुद्धि व आत्मा को जोड़ने की समग्र जीवन पद्धति है। योग आत्मा का ईश्वर से, मन का शांति से, शक्ति का उर्जा से मिलन है। योग केवल एक ‘मेडिटेशन’ (ध्यान) नहीं बल्कि मानव शरीर की सभी समस्याओं का ‘मेडिकेशन’ (दवा) है। इसमें परंपरा भी है, आधुनिकता भी है, विज्ञान भी है और विरासत भी है।