राजस्थान निकाय चुनाव : पहले चरण के लिए मतदान जारी

162 शहरी निकायों में मतदान, कई जिलों में ईवीएम खराबी और फर्जी वोटिंग की शिकायतें
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

जयपुर : राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान बुधवार को जारी है। राज्यभर के 162 नगर निकायों में मतदान हो रहा है, जिनमें जयपुर जिले के 18 निकाय भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे तक 26.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज़्यादा मतदान प्रतिशत डीग जिले की पहाड़ी नगर परिषद में 51.26 प्रतिशत और सबसे कम 14.74 प्रतिशत डूंगरपुर नगरपालिका में दर्ज किया गया।

बारां जिले के वार्ड 16 और 18, जयपुर जिले के दूदू के वार्ड एक, भीलवाड़ा के वार्ड 22, जालोर के वार्ड 34 और भरतपुर के वार्ड 29 में फर्जी वोटिंग की खबरें आईं। सुजानगढ़ नगर परिषद के वार्ड 39 और बीकानेर के वार्ड 52 में ईवीएम में खराबी के कारण एक मतदान केंद्र पर मतदान बाधित हुआ।

अलवर शहर में एक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के काम न करने पर मतदाताओं ने नाराजगी जाहिर की। सवाई माधोपुर और जोधपुर में भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

पहले चरण में पार्षद के 5393 पदों के लिए 20,000 से ज़्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन 162 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं।

अलवर शहर में एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के काम नहीं करने पर मतदाताओं ने आपत्ति जताई। सवाई माधोपुर और जोधपुर में भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण लंबी कतारें लग गईं।

अधिकारियों के अनुसार 162 नगर निकायों में 7683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर सकेंगे। जयपुर जिले में 18 नगर निकायों के 565 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

जयपुर जिले में जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं।

राजस्थान के 309 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को कराया जा रहा है। वोटों की गिनती 14 सितंबर को होगी।

सांकेतिक तस्वीर
जयपुर के होटल में प्रतियोगी छात्र ने की आत्महत्या
Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in