राजस्थान निकाय चुनाव : कुछ स्थानों पर ईवीएम गड़बड़ी से वोटिंग थमी

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर समेत कई निकायों में मतदान जारी
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

जयपुर : राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान जारी है और इस दौरान कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं।

सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक कुल 20.51 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक 44.38 प्रतिशत मतदान बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगरपालिका में हुआ।वहीं, सबसे कम 12.06 प्रतिशत मतदान उदयपुर नगर निगम में दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हो रहा है और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में 9,758 मतदान केंद्रों पर 87,60,884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का पावन अवसर है और मतदाताओं से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के महामंदिर इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी सुनीता गहलोत, बेटे वैभव गहलोत और बहू हिमांशी गहलोत के साथ मतदान किया। इसके बाद गहलोत ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं को ‘इसे सबक सिखाना चाहिए’।

उन्होंने कहा, कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। संविधान को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में हालात ‘बहुत गंभीर’ हैं और दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में कुछ नहीं किया है।

वहीं भाजपा ने जोधपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वार्ड-82 के जिस मतदान केंद्र पर गहलोत ने वोट डाला वहां आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जब गहलोत मतदान केंद्र पहुंचे तो मतदान दल का एक सदस्य उठकर ‘‘उनके पैर छूने लगा।

भाजपा का दावा है कि यह हरकत किसी राजनीतिक दल को अधिक अहमियत दिया जाना दिखाती है और उसने कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मतदान शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।

शर्मा ने कहा, आज नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय एवं अंतिम चरण का मतदान है। आइए, हम सभी मिलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

सांकेतिक तस्वीर
जयपुर के होटल में प्रतियोगी छात्र ने की आत्महत्या
Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in