राजस्थान : जल जीवन मिशन में गड़बड़ी, ACB के SIT ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार

आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच जारी
जल जीवन मिशन
जल जीवन मिशन
Published on: 

जयपुर : राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के विशेष जांच दल (SIT) ने जल जीवन मिशन में कथित गड़बड़ी के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

ACB के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ACB की SIT ने आरोपी गणपति ट्यूबवेल के प्रोपराइटर महेश कुमार मित्तल, हेमन्त मित्तल उर्फ गोलू, श्याम ट्यूबवेल के उमेश कुमार शर्मा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के तत्कालीन लेखाधिकारी गोपाल कुमावत व श्याम ट्यूबवेल के प्रोपराइटर (मालिक) पीयूष जैन को आज गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में दर्ज मुकदमे के अनुसार फर्म श्याम ट्यूबवेल, इसके प्रोपराइटर पदम चन्द जैन व गणपति ट्यूबवेल तथा इसके प्रोपराइटर महेश कुमार मित्तल ने पीएचईडी के अधिशाषी अभियंता माया लाल सैनी (खण्ड बहरोड), सहायक अभियंता राकेश चौहान (उपखण्ड नीमराना) व कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार (उपखण्ड नीमराना) से मिलीभगत कर जल जीवन मिशन परियोजना में निविदा प्राप्त की थी।

ऐसा आरोप है कि इन्होंने काम में अनियमितता व घटिया कार्य कर मनमानी तरीके से 'मेजरमेंट बुक' भरकर राजकोष से करोड़ों रुपये प्राप्त किये। इन सभी लोगों की आपसी बातचीत ACB द्वारा रिकॉर्ड की गई है जिसमें इनकी मिलीभगत होने के साक्ष्य मिले है। आरोपियों की बातचीत से इनके द्वारा राजकोष से अनियमितता कर धनराशि प्राप्त करने और विभागीय अधिकारियों को रिश्वत देकर अनुचित निजी लाभ कमाने का पता चला है।

टीम ने इस मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को आज जयपुर के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News