

जयपुर : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने घोषित आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंचायती राज विभाग के एक कनिष्ठ सहायक के परिसरों की तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि इसमें लगभग 75 लाख रुपये की नकदी, लाखों रुपये के आभूषण के साथ भूखंड व कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं।
यह कार्रवाई कनिष्ठ सहायक शुभकरण छिंपा के खिलाफ की गई, जो फलोदी जिले में ग्राम पंचायत में पदस्थापित हैं।
ब्यूरो महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को गोपनीय शिकायत मिली थी कि कनिष्ठ सहायक शुभकरण ने अपने पद पर रहते हुए भ्रष्ट तरीकों से भारी मात्रा में अवैध सम्पति अर्जित की है, जिसकी अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये है।
गुप्ता ने बताया कि शिकायत के सत्यापन में ब्यूरो ने पाया कि आरोपी ने अपनी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध परिसम्पतियां बना रखी हैं। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय से तलाशी वारंट लिया गया और ब्यूरो की विभिन्न टीम ने शुक्रवार तड़के उससे जुड़े पांच ठिकानों पर तलाशी ली। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई बीकानेर शहर में तीन जगह, उसके गांव पूनरासर व ग्राम पंचायत कानासर कार्यालय में की गई।
गुप्ता ने बताया कि इस दौरान आरोपी के बीकानेर स्थित मकान से करीब 75 लाख रुपये की नकदी मिली। उन्होंने बताया कि साथ ही एक किलोग्राम से अधिक सोना और करीब दो किलोग्राम चांदी मिलने की पुष्टि हुई है। गुप्ता ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी के तीन आलीशान मकान बीकानेर शहर में हैं और उसके पास करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि होने के कागजात भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई व जांच जारी है।