

जयपुर : केन्द्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को कहा कि आज हम जिस ‘एक भारत’ को देख रहे हैं, उसके पीछे सरदार वल्लभ भाई पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का ऐतिहासिक योगदान है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार करने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ जोशी ने पटेल की 151वीं जयंती पर यहां ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए गुजरात के केवड़िया में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है जो राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और एकता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से प्रतिमा का अवलोकन करने और सरदार पटेल के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया था। हमारी भाषाएं-परम्पराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं के सहयोग से बन सकता है। इसलिए देश के युवाओं को माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नौजवान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्तियां, आधुनिक खेल सुविधा और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है। युवा नीति, नई रोजगार नीति, राज्य कौशल नीति के जरिए भविष्य को सुदृढ़ करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि सरदार पटेल के विचारों को अपनाकर अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करें।