Jaipur Tanker Blast : जयपुर में एलपीजी टैंकर ब्लास्ट, 9 जिंदा जले

जयपुर में एलपीजी ट्रैंकर-सीएनजी ट्रक में टक्कर के बाद लगी आग।
जयपुर में एलपीजी ट्रैंकर-सीएनजी ट्रक में टक्कर के बाद लगी आग।
Published on
40 से अधिक झूलसे,  34 लोगों से भरी बस जलकर खाक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू -पीएम मोदी और सीएम ने जताया शोक 

जयपुर/नयी दिल्ली : राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार की सुबह जयपुर-अजमेर हाईवे पर एलपीजी ट्रैंकर और सीएनजी ट्रक में भीषण टक्कर हो गयी। इस हादसे में टैंकर में भीषण विस्फोट हुआ और इसमें आग लग गयी। आग ने आस-पास के 34 लोगों से भरी एक बस समेत लगभग 40 गाड़ियों को चपेट में ले लिया। जिसमें जलकर 9 लोगों की मौत हो गयी जबकि 40 से ज्यादा लोग झूलस गये।

सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। आग में झुलसे लगभग 35 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिनमें से कुछ वेंटिलेटर पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसा शुक्रबार की सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भांकरोटा के पास एलपीजी टैंकर को एक सीएनजी ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एलपीजी टैंकर में भीषण आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां से गुजर रही एक बस सहित अनेक ट्रक, कार उसकी चपेट में आ गये। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आग से झूलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें एक किलोमीटर दूर से नजर आ रही थीं। राष्ट्रीय राजमार्ग का एक बड़ा हिस्सा आग के गोले में तब्दील हो गया था। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में कम से कम 40 वाहनों के जलने की सूचना है। चिकित्सा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, 9 लोगों की मौत की सूचना है। एसएमएस अस्पताल प्रशासन से प्राप्त जानकारी अनुसार 35 घायल भर्ती हैं।

राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जयपुर गैस टैंकर दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुर्मू ने घायलों के भी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की।

घटनास्थल पर पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हादसे के बारे में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात कर जानकारी ली। मुख्यमंत्री शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम घटनास्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच करवाएंगे। घायलों के इलाज की व्यवस्था की गयी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, बहुत ही दर्दनाक घटना है। मैं अस्पताल जाकर आया हूं। मैंने वहां उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिये हैं। हम घटना की विस्तृत जांच करवाएंगे। घायलों के इलाज की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा, ऐसे हादसों को किस तरह से रोका जाये इस पर भी सरकार निश्चित रूप से विचार करेगी। प्रशासन पूरी तरह से बचाव कार्य में हुआ है।  इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जिलाधिकारी जितेंद्र सोनी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in