राजस्थान में मासूम की कुत्तों के हमले में मौत, पीड़ित परिवार से मिले ओम बिरला

बिरला ने मुआवजा दिया और प्रशासन को सख्त कदम उठाने के निर्देश
ओम बिरला पीड़ित परिवार के घर गए
ओम बिरला पीड़ित परिवार के घर गए
Published on: 

कोटा : राजस्थान के बूंदी जिले के एक गांव में खेतों में शौच के लिए गई 9 वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया जिसमें बच्ची की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी से सांसद ओम बिरला सोमवार को पीड़ित परिवार के घर गए और शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये अनुग्रह राशि सौंपी और सार्वजनिक सहयोग से एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का वादा किया तथा बूंदी के जिलाधिकारी को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बिरला ने अधिकारियों को आवारा कुत्तों के हमलों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

तालेड़ा थाना क्षेत्र के अलकोदिया गांव की निवासी रिंकू भील स्थानीय सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी और उसके परिवार के लोग दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।

घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे की है, जब बच्ची रोज की तरह अपने कच्चे घर से पास के खेतों में शौच के लिए गई थी तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसके शरीर को कई जगहों से बुरी तरह नोच डाला।

तालेड़ा के पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया, आवारा कुत्तों ने शरीर के कुछ हिस्सों का मांस पूरी तरह नोचकर अलग कर दिया और उन्हें खा लिया।

लड़की की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो उसे बुरी तरह घायल पाया। बच्ची को तत्काल तालेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

टेलर ने बताया कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना निर्धारित कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया और अलकोदिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की व शोक संवेदना व्यक्त की।

बिरला ने अधिकारियों को आवारा कुत्तों के हमलों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए तथा पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।

इससे पहले फरवरी में इसी थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित एक सरकारी स्कूल में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक अन्य बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज अब भी जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in