कोटा में सेवानिवृत्त फौजी की हत्या; पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

घटना आर के पुरम थाना क्षेत्र के अवनि रोड इलाके में हुई
कोटा में सेवानिवृत्त फौजी की हत्या; पत्नी और प्रेमी  गिरफ्तार
Published on: 

कोटा : राजस्थान के कोटा शहर में एक सेवा निवृत्त फौजी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह साजिश फौजी की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रची थी। पुलिस ने बताया कि यह घटना आर के पुरम थाना क्षेत्र के अवनि रोड इलाके में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को हुई।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान मनोज कुमार शर्मा (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अजमेर के किशनगढ़ के रहने वाले थे। पांच साल पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह अजमेर विद्युत विभाग में लिपिक के रूप में कार्यरत थे। वह कई वर्षों से कोटा में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शुक्रवार सुबह किशनगढ़ में रहने वाले शर्मा के माता-पिता को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने परिजनों को सूचित कर दिया। शुक्रवार दोपहर कोटा पहुंचे परिजनों ने अंतिम संस्कार रुकवाया और मृतक की पत्नी दीपिका (40), उसके प्रेमी देवेश और दोस्त विष्णु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

स्थानीय थाने के क्षेत्राधिकारी (CI) सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि शरीर पर गला घोंटने के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीपिका के शहर के खेड़ली फाटक निवासी देवेश के साथ संबंध थे, जो पति की अनुपस्थिति में अक्सर उसके घर आता था।

CI ने बताया कि गुरुवार रात शर्मा, देवेश और विष्णु ने कथित तौर पर शराब पी थी, जिस दौरान शर्मा और देवेश के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि देवेश और विष्णु ने दीपिका की मौजूदगी में शर्मा का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।

सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) बृजराज सिंह ने बताया कि घटना के समय दंपति के बच्चों 12 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटे को ऊपर की मंजिल के कमरे में सोने के लिए भेज दिया गया था।

शर्मा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। सीआई ने कहा कि 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि देवेश फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस के दो दल गठित किए गए हैं।

मृतक के परिजनों ने बताया कि शर्मा और दीपिका के बीच पिछले कई वर्षों से संबंध तनावपूर्ण थे और उन्होंने आरोप लगाया कि वह अक्सर उनके साथ मारपीट करती थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in