राजस्थान में तेज आंधी व बारिश का अलर्ट, 60-70 KM की रफ्तार से चलेगी हवा

कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री रह सकता है
मौसम
मौसम
Published on: 

जयपुर : मौसम विभाग ने राजस्थान के अनेक भागों में गुरुवार को भीषण गर्मी की चेतावनी जारी है। प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज आंधी व बारिश भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य में तेज गर्मी (हीटवेव/तीव्र हीटवेव व ऊष्णरात्रि) का दौर एक दो दिन जारी रहने की पूरी संभावना है। इस दौरान ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। जबकि बीकानेर, कोटा संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री रह सकता है।

पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27-28 मई को कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश शुरू हो सकती है। आंधी बारिश की गतिविधियों में 30 मई से और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह में भी कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, नए विक्षोभ का सर्वाधिक असर 29 से 31 मई के दौरान रहेगा। इस दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर व जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में तेज अंधड़ आएगा, 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी व कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।

आंधी बारिश के असर से 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने तथा 29-30 मई से 'हीटवेव' से राहत मिलने की संभावना है।

बुधवार को राजस्थान भीषण लू की चपेट में रहा। गंगानगर में अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News