विधानसभा में बीकानेर नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या मुद्दे पर तीखी बहस, कांग्रेस का वॉकआउट

कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा
राजस्थान विधानसभा (फाइल फोटो)
राजस्थान विधानसभा (फाइल फोटो)
Published on: 

जयपुर : राजस्थान के बीकानेर जिले में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या का मामला सोमवार को विधानसभा में उठा और सत्ता पक्ष और विपक्ष को लेकर इस मुद्दों को लेकर तीखी बहस हुई।

सदन में ध्यानाकर्ष प्रस्ताव के तहत उठे इस मुद्दे पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने बताया कि घटना 21 फरवरी की है। स्कूल जाने के लिए निकली 12 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।

उन्होंने कहा, आरोपी की पहचान व तुरंत अनुसंधान के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं जो संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। हमारी टीम गहनता से अनुंसधान में लगी हैं।

मंत्री ने कहा, नाबालिग का शव मुर्दाघर में रखा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। मैं इतना ही कह सकता हूं कि अपराधी कोई भी हो राजस्थान की पुलिस उसको पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

इस पर नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक टीकाराम जूली ने कहा, अब भी अपराधी पकड़ से बाहर हैं। सरकार बताए उन्हें कब तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और मंत्री बेढ़म ने कहा कि जूली इस मुद्दे को लेकर राजनीति कर रहे हैं।

जूली ने जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी हैं इसलिए उनकी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी है। जूली की मंत्री व मुख्य सचेतक से नोक झोंक हुई और हंगामा हो गया। इसके बाद मंत्री के जवाब से नाराज कांग्रेस के विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News