सलमान से जुड़े काला हिरण शिकार मामले में सुनवाई टली, न्यायाधीश संधू ने खुद को अलग किया

सलमान पर 1998 में जोधपुर जिले के कंकानी गांव में 2 काले हिरणों का शिकार करने का आरोप
काला हिरण मामला
काला हिरण मामला
Published on

जोधपुर : राजस्थान उच्च न्यायालय की एकल पीठ के न्यायमूर्ति बलजिंदर सिंह संधू ने काले हिरण के शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान और राज्य सरकार की अपील की सुनवाई से सोमवार को खुद को अलग कर लिया।

सलमान पर 1998 में फिल्म 'हम साथ साथ हैं' की शूटिंग के दौरान जोधपुर जिले के कंकानी गांव में दो काले हिरणों का शिकार करने का आरोप है।

यह मामला 1998 से जुड़ा है, जिसमें सलमान खान की सजा के खिलाफ उनकी अपील और राज्य सरकार की 'अपील की अनुमति' वाली याचिका पर संयुक्त सुनवाई की जा रही है। राज्य सरकार ने सह-आरोपियों सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, तब्बू, नीलम और स्थानीय व्यक्ति दुष्यंत सिंह को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती दी है।

सलमान खान और राज्य सरकार की अपील से संबंधित मामला सोमवार को राजस्थान उच्च न्यायालय की जोधपुर पीठ में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था। हालांकि, न्यायमूर्ति संधू ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया और मामले को दूसरी पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने को कहा।

सलमान खान को पांच अप्रैल 2018 को निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया और पांच साल की सजा सुनाई गई थी, जबकि सभी पांच सह-आरोपियों को बरी कर दिया गया था। अभिनेता ने सत्र अदालत में अपनी सजा को चुनौती दी और राज्य सरकार ने सह-आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ 'अपील की अनुमति' को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की।

राज्य की अपील के बाद सलमान के वकील ने उनकी सजा के खिलाफ उच्च न्यायालय में स्थानांतरण याचिका दायर की। वकील ने राज्य की अपील के साथ अपनी अपील को भी जोड़ने का अनुरोध करते हुए दलील दी कि दोनों याचिकाएं एक ही मामले से संबंधित हैं।

अभियोजन पक्ष के वकील महिपाल बिश्नोई ने कहा कि जुलाई 2025 में, उच्च न्यायालय ने सलमान की याचिका को सत्र अदालत से उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने और राज्य की अपील के साथ संयुक्त सुनवाई के लिए इसे जोड़ने का आदेश दिया था।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in