गहलोत का आरोप: BJP सरकार की ‘ग्राम विकास चौपाल’ बनी छवि चमकाने का साधन

कहा- ढाई साल में जनता को बड़े स्तर पर लाभ देने वाला कोई काम नहीं हुआ
हमारी सरकार के कामों को रोककर बैठी भाजपा सरकार : गहलोत
हमारी सरकार के कामों को रोककर बैठी भाजपा सरकार : गहलोत
Published on

जयपुर : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राज्य सरकार की ‘ग्राम विकास चौपाल’ पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि सरकार ने इसे अपनी छवि चमकाने का अभियान बना दिया है।

गहलोत ने एक बयान में कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘ग्राम विकास चौपाल’ ग्रामीण समस्याओं के समाधान का एक अच्छा अवसर थी, लेकिन सरकार ने इसे केवल छवि चमकाने का अभियान बना दिया है।

उन्होंने कहा कि इन चौपालों में जहां सभी ग्रामीणों को बुलाया जाना चाहिए था, उनकी समस्याएं सुनकर हल करना चाहिए था वहां केवल BJP कार्यकर्ताओं और योजनाओं के लाभार्थियों को ही आमंत्रित किया जा रहा है ताकि सरकार की कोई आलोचना न सुननी पड़े।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कहा, ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री जी में अपनी सरकार की आलोचना सुनने एवं जनता की समस्याओं से रूबरू होने का माद्दा नहीं है जिसके कारण यह ‘ग्राम विकास चौपाल’ के बजाय ‘चुनिंदा लोगों की चौपाल’ बन कर रह गई है।

राज्य सरकार के ‘ग्राम विकास रथ’ के बारे में गहलोत ने कहा कि ये ‘रथ’ तो मात्र मजाक का पात्र बन कर रह गए हैं।

गहलोत ने कहा, ढाई साल में सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया जिससे प्रदेश की जनता को बड़े स्तर पर लाभ हो, परन्तु विकास रथ रवाना कर दिए गए, जिनका गांवों में विरोध हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, पहले ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर और अब विकास रथ, BJP सरकार के ये सभी अभियान विफल होते जा रहे हैं। BJP सरकार को जनहित में आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in