

जयपुर : राजस्थान के भरतपुर जिले में पत्थर तोड़ने वाला संयंत्र (स्टोन क्रशर) दुबारा शुरू करने को लेकर विवाद के बाद कुछ ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना पर कथित तौर पर हमला किया जिसमें उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात भौंडा गांव में हुई जब भडाना अपने 'स्टोन क्रशर' वाली जगह पर गए थे। इस क्रशर को लेकर भडाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कुछ समय से विवाद था।
पुलिस वृत्ताधिकारी (भुसावर) नीरज भारद्वाज ने बताया कि टकराव के दौरान भडाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा पर कथित तौर पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें शुरू में वैर के एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में भडाना को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान भडाना की मौत हो गई। ग्रामीणों ने भडाना पर चरागाह भूमि पर कब्ज़ा करने और अवैध खनन गतिविधियां करने का आरोप लगाया था। क्रशर लगभग एक साल से बंद था और इसे फिर से शुरू करने की कोशिशों के कारण और मतभेद पैदा हो गए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे क्रशर को दुबारा शुरू करने के प्रस्ताव के खिलाफ पिछले 10 से 15 दिन से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। रविवार शाम भडाना लगभग 40 से 50 लोगों के साथ साइट पर पहुंचे और ग्रामीणों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश की जिसके बाद टकराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखा गया है।