सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिसकर्मी से गाली-गलौच का आरोप

यह मामला एक ‘ऑडियो’ के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दर्ज किया गया
गौतम कुमार दक
गौतम कुमार दक
Published on

जयपुर : राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक के खिलाफ पुलिसकर्मियों को सरेआम धमकाने और उनसे अपशब्द कहने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के डूंगला थाने में दक के खिलाफ यह मामला एक ‘ऑडियो’ के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद गुरुवार को दर्ज किया गया। इस ऑडियो में कथित तौर पर उन्हें एक पुलिसकर्मी से गाली-गलौज करते सुना जा सकता है।

मंत्री ने एक वीडियो बयान जारी कर दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस ‘ऑडियो’ से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि मंत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (राजकार्य में बाधा), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर अपमान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थाना प्रभारी शैतान सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना सोमवार की है जब वह पुलिस थाने में मौजूद थे। मंत्री ने उन्हें फोन कर बाहर बुलाया।

थाना प्रभारी ने दावा किया कि मंत्री ने उनसे दो कांस्टेबल विष्णु कुमार और लक्ष्मीनारायण के बारे में पूछा। उन्हें बुलाने को कहा जब दोनों कांस्टेबल वहां पहुंचे तो मंत्री ने कथित तौर पर उन्हें अपशब्द कहना शुरू कर दिया। लोगों के सामने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मंत्री ने मारपीट करने की कोशिश भी की। थाना प्रभारी का आरोप है कि दक ने लक्ष्मीनारायण के बड़ी सादड़ी थाने से हुए पिछले तबादले का हवाला देकर पुलिसकर्मियों को धमकाया।

प्राथमिकी के अनुसार, मंत्री इस बात से नाराज थे कि उनके एक कथित परिचित धनराज को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in