‘जानवर भी नहीं खाते पोषाहार’ : BJP विधायक के बयान पर गहलोत वार, भ्रष्टाचार के आरोप

अपने ही विधायक के बयान से घिरी राजस्थान की भाजपा सरकार !
अशोक गहलोत
अशोक गहलोत
Published on

जयपुर : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि उसके खुद के ही विधायक सरकारी दावों की पोल खोल रहे हैं।

गहलोत ने आंगनबाड़ी के पोषाहार की खराब गुणवत्ता को लेकर BJP के एक विधायक की कतिपय टिप्पणी के हवाले से यह बात कही। उन्होंने कहा, राजस्थान कीBJP सरकार में क्या चल रहा है ? खुद सत्ताधारी दल के विधायक ही आज सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं।

गहलोत के अनुसार, उदयपुर की समीक्षा बैठक में गोगुंदा से भाजपा विधायक प्रताप गमेती का यह कथन बेहद विचलित करने वाला है कि ‘आंगनबाड़ी के पोषाहार को जानवर भी नहीं खाते।’ विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ ऐसा खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, एक तरफ योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी देरी और दूसरी तरफ मासूमों के निवाले में भ्रष्टाचार ? उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सामने अपनों ने ही आईना दिखा दिया है। BJP सरकार विज्ञापनों और बैठकों से आगे बढ़कर इन गरीब बच्चों की सुध कब लेगी ?

उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, क्या इस भ्रष्टाचार की कभी जांच होगी या आदिवासियों के हक पर ऐसे ही भ्रष्टाचार चलता रहेगा।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मुद्दे को लेकरBJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सच अपने आप सामने आ ही जाता है, जबकि झूठ को सोच-समझकर गढ़ना पड़ता है।

BJP विधायक प्रताप गमेती ने सही कहा कि आंगनबाड़ी का पोषण आहार घर जाकर फेंका जा रहा है और उसे जानवर तक नहीं खाते, क्योंकि इसमें भाजपा राज के भ्रष्टाचार की बू आ रही है।

जूली के अनुसार जब BJP के विधायक स्वयं संभाग स्तरीय बैठक में उपमुख्यमंत्री के सामने यह कहने को मजबूर हो जाएं कि आंगनबाड़ी का पोषण आहार फेंका जा रहा है और उसे जानवर भी नहीं खाते, तो यह साफ है कि प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि अव्यवस्था का तमाशा चल रहा है।

जूली के अनुसार, राज्य में 'फेल डबल इंजन' सरकार में इससे ज्यादा शर्मनाक और विफलता का उदाहरण क्या हो सकता है ? सरकार 'पोषण' और 'विकास' के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पोषण आहार की गुणवत्ता इतनी बदहाल है कि अब उसके अपने ही जनप्रतिनिधि इसकी पोल खोल रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in