

जयपुर : भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को केंद्र के खिलाफ एजेंसियों के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं का क्षरण करने का आरोप लगाया।
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) केरल में 10 साल बाद सत्ता में आया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने आरोप लगाया, भाजपा केंद्रीय ताकत का दुरुपयोग कर रही है। धन और बल के प्रयोग से पार्टियों को तोड़ रही है और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), आयकर विभाग तथा सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने के लिए कर रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्षता बनाए रखने के बजाय भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।
पश्चिम बंगाल चुनावों का जिक्र करते हुए डोटासरा ने कहा, देश ने देखा कि लोकतंत्र की हत्या और लूट कैसे हो सकती है। 1.36 करोड़ से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए और लाखों को ‘निर्णय लंबित’ श्रेणी में डाल दिया गया। यह लोकतंत्र का मजाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया, छापे मारे गए और उम्मीदवारों की ताकत का पता लगाने के लिए डेटा जब्त किया गया।
राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि सरकार अन्य राज्यों में चुनावी जीत का जश्न मना रही है, जबकि स्थानीय मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा, लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा, कर्मचारियों को आरजीएचएस के तहत इलाज नहीं मिल रहा और बेरोजगार युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं, लेकिन सरकार जश्न में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मतदान अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा, हम संविधान द्वारा दिए गए मतदान अधिकारों को नुकसान पहुंचाने की किसी भी साजिश को रोकेंगे।