महाराणा प्रताप को समर्पित ‘शूरवीर’ गीत पर विवाद

भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ से हटाने की मांग की
film
film
Published on: 

जयपुर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने महाराणा प्रताप को समर्पित एक गीत को फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' में गैंगस्टर और अपराधी किरदारों वाले दृश्यों के साथ दिखाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इस गीत को हटाने की मांग की है।

राठौड़ ने इस बारे में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को समर्पित ‘शूरवीर’ गीत को फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ में गैंगस्टर एवं आपराधिक चरित्रों के साथ जोड़कर प्रस्तुत किए जाने के विरोध में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इस गीत को हटाने और भविष्य में ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और संदर्भों के गलत उपयोग की अनुमति नहीं दिये जाने की मांग की।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे राठौड़ ने इस पत्र में कहा है कि राजस्थानी गायक रैपरिया बालम के शूरवीर गीत का मिर्जापुर मूवी में गैंगस्टरों, नशेड़ी बलात्कारियों के साथ प्रयोग अत्यंत आपत्तिजनक एवं जन भावनाओं को आहत करने वाला है।

राठौड़ ने दावा किया कि इस तरह का चित्रण महाराणा प्रताप के सम्मान तथा उनसे जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी अपमान करता है।

उन्होंने कहा है कि शूरवीर और गैंगस्टर के चरित्र एवं मूल्यों में स्पष्ट अंतर है। वीरता, त्याग, धर्म, स्वाभिमान और राष्ट्रभूमि के प्रति समर्पण को अपराध, हिंसा और गैंग संस्कृति से जोड़कर प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा नेता ने मांग की है कि बोर्ड 'मिर्जापुर द मूवी' में शूरवीर गीत को हटाते हुए भविष्य में यह सुनिश्चित करें कि ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और संदर्भों का उपयोग ऐसे रूप में किये जाने की अनुमति नहीं दी जाये जिससे सर्व समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

film
राजस्थान निकाय चुनाव : पहले चरण में दोपहर 1 बजे तक 50.38% मतदान
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in