

जयपुर : राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को राज्यभर के 162 नगर निकायों में मतदान हो रहा है, जिनमें जयपुर जिले के 18 निकाय भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर एक बजे तक कुल 50.38 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज़्यादा मतदान प्रतिशत डीग जिले की सीकरी नगरपालिका में दर्ज किया गया जहां इस समय तक 81.28 प्रतिशत मतदाता वोट कर चुके हैं। वहीं सबसे कम मतदान भीलवाड़ा नगर निगम में 36.67 प्रतिशत रहा।
इस दौरान अनेक जगहों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के काम नहीं करने से मतदान बाधित होने की खबरें भी आईं। बारां जिले के वार्ड 16 और 18, जयपुर जिले के दूदू के वार्ड एक, भीलवाड़ा के वार्ड 22, जालोर के वार्ड 34 और भरतपुर के वार्ड 29 में फर्जी वोटिंग की खबरें आईं। सुजानगढ़ नगर परिषद के वार्ड 39 और बीकानेर के वार्ड 52 में ईवीएम में खराबी के कारण एक मतदान केंद्र पर मतदान बाधित हुआ।
अलवर शहर में एक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के काम न करने पर मतदाताओं ने नाराजगी जाहिर की। सवाई माधोपुर और जोधपुर में भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
पहले चरण में पार्षद के 5393 पदों के लिए 20,000 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन 162 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं।
अलवर शहर में एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के काम नहीं करने पर मतदाताओं ने आपत्ति जताई। सवाई माधोपुर और जोधपुर में भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण लंबी कतारें लग गईं।
अधिकारियों के अनुसार, 162 नगर निकायों में 7683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर सकेंगे। जयपुर जिले में 18 नगर निकायों के 565 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।
जयपुर जिले में जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं।
राजस्थान के 309 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को कराया जा रहा है। वोटों की गिनती 14 सितंबर को होगी।