जयपुर जिला कलेक्टर कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी, जांच में निकली 'फर्जी'

सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की गहन तलाशी ली
जिला कलेक्टर कार्यालय
जिला कलेक्टर कार्यालय
Published on: 

जयपुर : जयपुर के जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर (कलेक्ट्रेट) में बम विस्फोट करने की धमकी गुरुवार को जांच के बाद 'फर्जी' पाई गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईमेल पर इस बारे में धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की गहन तलाशी ली। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और अन्य विशेषज्ञों की टीम ने लगभग दो घंटे तक पूरे भवन की गहनता से जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित बुडानिया ने बताया कि आज जयपुर जिलाधिकारी कार्यालय को ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें कलेक्ट्रेट में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर को खाली करा लिया और लोगों का प्रवेश रोक दिया। बुडानिया ने बताया कि जांच टीमों को बुलाकर भवन के हर कमरे और हिस्से की जांच की गई। चार टीमों ने गहन तलाशी ली और करीब दो घंटे बाद कर्मचारियों और लोगों का प्रवेश शुरू हुआ।

कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास ही जिला अदालत व मिनी सचिवालय है। ईमेल मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई और सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य लोगों को परिसर से बाहर जाने को कहा गया। परिसर को खाली कराने के बाद गहन जांच की गई। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in