

जयपुर : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कई जगह पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरों का उल्लेख करते हुए मंगलवार को राज्य सरकार से मांग की कि वह इस बारे में सच जनता को बताए ताकि लोग आने वाली किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें।
गहलोत के अनुसार उनसे मिलने आए कई आगुंतकों ने कल बताया कि जोधपुर में पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है और बहुत से पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। इससे जोधपुर से जयपुर तक आते हुए तीन-चार बार पेट्रोल-डीजल भरवाना पड़ रहा है क्योंकि 1000 रुपये से अधिक का ईंधन नहीं दिया जा रहा है। रसोई गैस LPG सिलेंडर भी कई-कई दिनों तक नहीं मिल रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के अनुसार सरकार कह रही है कि Petrol-Diesel-LPG की कोई कमी नहीं है, जबकि पेट्रोल पंप मालिकों से इसकी जानकारी लेने पर वे बता रहे हैं कि सरकार ने मौखिक आदेश देकर सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने के लिए कहा है। गहलोत ने कहा कि इसीलिए पेट्रोल पंपों पर लम्बी लाइन लग रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा, आज मीडिया में खबरें हैं कि जोधपुर के 40 प्रतिशत पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं यह संकट का समय है, इसलिए सरकार जनता के सामने असत्य बोलने एवं गुमराह करने की बजाय सच बताए जिससे जनता आने वाली परेशानी के लिए तैयार रहे और कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी हो सके।
कांग्रेस नेता गहलोत ने कहा कि अपुष्ट जानकारियों से अफवाह फैलती है, जिससे जनता भ्रमित होती है और उथल-पुथल की स्थिति बनती है।