सुंदरवन में मछली पकड़ने वाली नाव से हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़

भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद, चार गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) और वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाकर सुंदरवन क्षेत्र में हथियारों की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। अभियान के दौरान मछली पकड़ने वाली एक नाव से पांच आग्नेयास्त्र और कई कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में चार लोगों को पकड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त अभियान के दौरान सुंदरवन क्षेत्र में 'आईएफबी झूमा' नामक भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नाव से पांच आग्नेयास्त्र और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए। उस समय नाव पर चार लोग सवार थे। सभी को हिरासत में लेकर सुंदरवन कोस्टल थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां बाद में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद हथियार और कारतूस भी पुलिस के कब्जे में सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे, उन्हें कहां पहुंचाया जाना था और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह या अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। बारुईपुर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार अभियुक्तों के खिलाफ हथियार एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत भेज दिया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in