सरसुना में रिकांस्ट्रक्शन के लिए आरोपियों को अर्द्धनग्न अवस्था में लेकर पहुंची पुलिस
सरसुना में रिकांस्ट्रक्शन के लिए आरोपियों को अर्द्धनग्न अवस्था में लेकर पहुंची पुलिस

सरसुना कांड : पुलिस ने कराई आरोपियों की अर्द्धनग्न परेड

Published on: 

पुलिस ने मामले में एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

बेहला के सरसुना में एक युवक और परिवार के सदस्यों को नग्न अवस्था में सड़क पर घुमाने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पुलिस ने मंगलवार को अर्द्धनग्न अवस्था में परेड कराई। मंगलवार की सुबह पुलिस तीनों गिरफ्तार आरोपियों को सरसुना इलाके में लेकर पहुंची। तीनों के पैरों में जूते-चप्पल नहीं थे और उनकी कमर में रस्सी बंधी हुई थी। उन्होंने केवल हाफ पैंट या बरमूडा पहन रखा था। उन्हें देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या अपराध की जांच के लिए आरोपियों को इस तरह सार्वजनिक रूप से अर्धनग्न अवस्था में घुमाना जरूरी था। वहीं दूसरी ओर किशोर और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शंकर सिंह के रूप में हुई है। वह इसी इलाके का निवासी और पड़ोसी बताया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। अदालत में सरकारी वकील सज्जाद अली खान ने आरोपी की जमानत याचिका का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब किशोर और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया जा रहा था, उस समय शंकर सिंह ने घटना का वीडियो बनाया और उसे प्रसारित किया। इसके अलावा, आरोपी पर किशोर और उसके पिता को धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। सरकारी वकील ने मामले की जांच के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग की। वहीं, आरोपी की ओर से अधिवक्ता मोहित बनर्जी ने अदालत में जमानत की अर्जी दाखिल की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने शंकर सिंह को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरसुना इलाके में एक किशोर और नाबालिग लड़की को खालपाड़ इलाके में साथ देखकर किसी व्यक्ति ने लड़की के परिवार को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद लड़की के परिवार ने किशोर और उसके पिता को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों को घर के अंदर बंद कर धमकाया गया। यहां तक कि किशोर के पिता पर बेटे को गोली मारने का दबाव भी बनाया गया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद किशोर और उसके पिता के साथ मारपीट की गई और उन्हें निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया गया। घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in