विकास भवन
विकास भवन

जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधान शिक्षक का तबादला

Published on: 

स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया प्रशासनिक तबादले का आदेश

मिड-डे मील विवाद के बाद चार छात्रों पर भी हुई थी कार्रवाई

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

आखिरकर जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधान शिक्षक धर्मचंद बारुई का तबादला कर दिया गया है। राज्य स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए उन्हें मालबाजार महकमे के मेटेली मॉडल स्कूल में स्थानांतरित किया है। विभाग के मुताबिक, यह तबादला जनहित में किया गया है।

प्रधान शिक्षक का तबादला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले स्कूल में मध्याह्न भोजन को लेकर विवाद ने तूल पकड़ा था। 8 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर कुछ छात्रों ने मिड-डे मील की व्यवस्था और खाद्य सामग्री को लेकर जानकारी मांगी थी।

आरोप है कि इस दौरान प्रधान शिक्षक और छात्रों के बीच विवाद हुआ। छात्रों की ओर से स्कूल में भोजन की गुणवत्ता और रसोई सामग्री को लेकर भी आरोप लगाए गए थे। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और छात्रों द्वारा प्रधान शिक्षक के साथ मारपीट करने तथा उनके घायल होने का आरोप सामने आया।

मामले में चार छात्रों को टीसी दिया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई। घटना के बाद शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन को हस्तक्षेप करना पड़ा था। विवाद के बीच अभिभावकों और पूर्व छात्रों ने भी प्रधान शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब शिक्षा विभाग के तबादला आदेश के साथ ही जिला स्कूल प्रकरण में प्रशासनिक कार्रवाई का एक नया अध्याय जुड़ गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in