कोलकाता सिटी
चंदा नहीं देने पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला
जलसे से लौट रहे व्यक्ति के सिर पर किया वार, 10 टांके लगे
कोलकाता के अस्पताल में घायल की हालत गंभीर, महिला समेत तीन गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा के काशिमपुर इलाके में जलसे के लिए चंदा नहीं देने पर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। हमले में अनुप तालुकदार के सिर पर गंभीर चोट आई है। उनके सिर पर करीब 10 टांके लगाने पड़े हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद हाबरा थाने की पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
चंदा मांगने पर हुआ था विवाद
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात अनुप तालुकदार इलाके में आयोजित जलसे से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उनसे जलसे के आयोजन के लिए चंदा मांगा। आरोप है कि अनुप ने चंदा देने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों युवक उनसे गाली-गलौज करने लगे और कथित तौर पर उन्हें अपमानित किया। अनुप ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार
आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने कुल्हाड़ी से अनुप के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में एक अन्य युवक और एक महिला के भी शामिल होने का आरोप है। कुल्हाड़ी के वार से अनुप गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। उनकी हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें हाबरा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने उनके सिर पर करीब 10 टांके लगाए। हालांकि, चोट गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की शिकायत मिलने के बाद हाबरा थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस सभी आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में चंदा देने से इनकार करने को हमले की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं था।

