गुरु नानक जयंती पर भक्तिमय हुआ बैरकपुर गुरुद्वारा

गुरु नानक जयंती पर भक्तिमय हुआ बैरकपुर गुरुद्वारा

Published on: 

कीर्तन और लंगर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

29 नवंबर को निकलेगा नगर कीर्तन

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में 557वें गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को गुरुद्वारे में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर कीर्तन और गुरुवाणी से गूंजता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव का आशीर्वाद लिया। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर बैरकपुर गुरुद्वारा सिख संगत की ओर से सामूहिक लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने जाति और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर एक साथ बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारे में दिनभर श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही लगी रही। इस दौरान बैरकपुर गुरुद्वारा सिख संगत के अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह ने बताया कि आगामी 29 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से विशेष बैंड और कई विशिष्ट अतिथि शामिल होने के लिए बैरकपुर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन सुबह 11 बजे शुरू होगा और बैरकपुर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगा। आयोजन को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन और सिख संगत की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News