बेनियापुकुर में इसी जगह पर की गयी थी फायरिंग
बेनियापुकुर में इसी जगह पर की गयी थी फायरिंग

कोल्ड ड्रिंक चोरी को लेकर हुए विवाद में युवक को मार दी गोली

बेनियापुकुर के तिलजला रोड की घटना
Published on

कोलकाता : महानगर में कोल्ड ड्रिंक्स की चोरी को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गली मार दी गयी। घटना सोमवार देर रात बेनियापुकुर थाना अंतर्गत तिलजला रोड पर घटी। हमले में मोहम्मद नियाज उर्फ़ राजा के पैर में दो गोलियां लगीं। उसे घायल हालत में एसएसकेएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया और उसकी सर्जरी हुई। घटना के बाद से हमलावर सलमान फरार है । पुलिस सूत्रों के अनुसार सलमान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बम से उसका एक पैर उड़ गया था। इसलिए, उसने भागने के लिए एक बाइक सवार की मदद ली, जिसे सलमान का 'पायलट' कहा जाता है। पुलिस का दावा है कि सलमान उस बाइक पर 'पायलट' के साथ भाग गया। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना की शुरूआत सोमवार दोपहर को हुई। तिलजला रोड में एक वृद्धा की दुकान है। दुकान के सामने फ्रिज में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें रखी हुई थीं। वृद्धा ने अचानक देखा कि फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक्स की दो बोतलें गायब हैं। वृद्धा ने कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप स्थानीय एक युवक पर लगाया। युवक की मां ने इसका विरोध किया। फिर वृद्धा ने पड़ोस के सूरज नाम के एक युवक को बीच-बचाव के लिए बुलाया। तब तक वहां भीड़ लग गई थी। मल्लिकबाजार के एक गैराज में काम करने वाले मोहम्मद नियाज उर्फ राजा ने सवाल किया कि दूसरे मोहल्ले के रहने वाले को 'बीच-बचाव' के लिए क्यों बुलाया गया। ऐसे में हंगामा पहले की तरह शांत हो गया। शाम होने के बाद उसी बात पर फिर से हंगामा और झगड़ा शुरू हो गया। बैग फैक्ट्री में काम करने वाले सलमान के पिता आए और दूसरे मोहल्ले से सूरज को बुलाने के पक्ष में बात की। इसी बात पर सलमान के पिता और नियाज में कहासुनी और झगड़ा हो गया। सलमान वहां आ गया। उसने नियाज को देख लेने की धमकी दी। हालांकि, नियाज ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया। नियाज के घरवालों ने बताया कि सलमान ने रात 1 बजे के बाद नियाज को बात करने के लिए बुलाया था। जैसे ही वह घर से बाहर निकला, उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी। इलाके के लोगों का दावा है कि कम से कम पांच राउंड गोलियां चलीं। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, सलमान ने पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग की। उनमें से दो नियाज़ के दाहिने पैर में लगीं। गोली लगने के बाद उसे एसएसकएम अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी सर्जरी हुई। कुछ दिन पहले रवींद्र सरोवर में भी गोलीबारी की घटना हुई थी। पुलिस ने कहा कि वे उन लोगों की तलाश कर रहे हैं जो बिहार से कोलकाता में हथियारों की तस्करी कर रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in