कोलकाता : महानगर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के कारण एक युवक ने अपने सहकर्मी के सिर पर लोहे की चेन से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना नारकेलडांगा थानांतर्गत मानिकतल्ला मेन रोड स्थित एक लोहे की चेन बनाने वाले कारखाने की है। मृतक का नाम अरूप घोष (40) है। वह मानिकतल्ला के एपीसी रोड का रहनेवाला था। पुलिस ने मामले में अभियुक्त अनूप ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। वह झारखंड के मधुपुर का रहनेवाला है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह जब कारखाने का मालिक हमेशा की तरह कारखाने में पहुंचा तो उसने वहां अपने कर्मचारी अरूप घोष को फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। मालिक ने देखा कि अरूप के सिर से खून बह रहा था। इस दौरान वहां मौजूद अनूप ने उसे बताया कि रात को पंखा उसके सिर पर गिर गया था जिससे उसके सिर में चोट आयी है। दोनों ने अरूप को उठाने की कोशिश की, तो शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
अरूप को मृत पाकर घबराए कारखाने के मालिक ने तुरंत इसकी सूचना नारकेलडांगा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शव का मुआयना किया, तो मृतक के सिर पर गहरे जख्म के निशान थे और वहां से खून बह रहा था। पुलिस को पहली नजर में ही साफ हो गया कि यह मामला प्राकृतिक मौत का नहीं बल्कि हत्या का है। मामले की छानबीन और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि रविवार रात कारखाने के भीतर दो कर्मचारी अनूप ठाकुर और अरूप घोष एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। अत्यधिक नशे की हालत में रात करीब 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित अनूप ठाकुर ने गुस्से में आकर कारखाने में रखी एक भारी चेन से अरूप घोष के सिर पर वार कर दिया। सोमवार की सुबह पुलिस ने संदेह के आधार पर जब कारखाने के दूसरे कर्मचारी अनूप ठाकुर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका। पुलिस के तीखे सवालों के आगे टूटते हुए आरोपित अनूप ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।