

कोलकाता : महानगर में शराब की महफिल में हुए विवाद के दौरान एक युवक के गले में लोहे की रॉड घुसेड़ दी गई। खून से लथपथ युवक जान बचाने के लिए करीब सौ मीटर तक भागा। बाद में सड़क पर गिरकर उसकी मौत हो गई। यह सनसनीखेज वारदात शनिवार रात को चेतला थानांतर्गत 17 नं. बस स्टैंड इलाके की है। मृतक युवक का नाम अशोक पासवान है। घटना की सूचना पाकर मौके पर कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी पहुंचे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। घटना के समय मृतक के साथ उक्त दोनों युवक साथ में थे। अभियुक्तों के नाम सुरोजीत मंडल और तापस पाल हैं। दोनों को रविवार को अदालत में पेश करने पर उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे 17 नंबर बस स्टैंड के पास अशोक पासवान अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अशोक, सुरोजीत और तापस स्थानीय काली पूजा समिति के सदस्य थे। मंडल और पाल ने पासवान पर चंदा के रुपयेे गबन करने का आरोप लगाया, जिसका पासवान ने विरोध किया। यह बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से आशोक के गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल आशोक ने भागने की कोशिश की और करीब 100 मीटर दूर एक मंदिर के सामने गिर पड़े । स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। आशोक की पत्नी उमादेवी पासवान, जो उस समय टिटागढ़ में अपने मायके गई थीं, ने बताया कि उन्हें फोन पर उनके पति पर हमले की सूचना मिली। उमादेवी ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।’ पुलिस के अनुसार, आशोक एक स्थानीय कार सर्विस सेंटर में काम करते थे। उनके परिवार में उनकी मां, भाई और पत्नी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 17 नंबर बस स्टैंड के आसपास हर दिन शराब की महफिल सजती है, जहां अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते हैं। हालांकि, किसी ने ऐसी भयावह घटना की कल्पना नहीं की थी।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के अलावा उस रात अशोक के साथ और कौन-कौन मौजूद था। पुलिस स्थानीय लोगों और मृतक के परिवार से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।