क्रिकेट ट्रेनिंग के दौरान गेंद लगने से युवक की मौत

वॉटगंज थाना इलाके की घटना
इसी जगह पर हुई थी युवक की मौत
इसी जगह पर हुई थी युवक की मौत
Published on

कोलकाता : महानगर में क्रिकेट ट्रेनिंग के दौरान गेंद लगने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना रविवार की शाम वाटगंज थाना क्षेत्र के मनसातला लेन में घटी। मृतक की पहचान अनिकेत दास (20) के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का निवासी था।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, अनिकेत नियमित रूप से एक क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास करता था, लेकिन घटना के समय वह अपने घर के पास मैदान में अन्य खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनिकेत टेनिस बॉल से कैच पकड़ने का अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान उसने गेंद को काफी ऊंचाई में उछाला और उसे पकड़ने के लिए नीचे खड़ा हो गया। तभी गेंद पेड़ की डाल से टकराकर दिशा बदल गई और सीधे उसकी गर्दन के पीछे वाले हिस्से पर आकर लगी। गंभीर चोट लगने के बाद अनिकेत मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इकबालपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। परिवार में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि अनिकेत अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसके पिता रेलवे के पूर्व कर्मचारी हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in