मोमोज नहीं लाने पर पत्नी ने पति को मारा घूंसा, मौत

चितपुर थाना इलाके की घटना, पत्नी गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : उल्टा रथ मेले में न जाने और घर लौटते समय मोमोज़ नहीं लाने को लेकर हुए विवाद के दौरान कथित मारपीट के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना चितपुर थाना क्षेत्र के कैंप बागान इलाके की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमित दास के रूप में हुई है। वह पेशे से ऐप बाइक राइडर थे। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर उनकी पत्नी रेशमी दास को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, अमित और रेशमी की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। दोनों अपने सात वर्षीय बेटे और अमित की 60 वर्षीय मां काजल दास के साथ चितपुर के कैंप बागान इलाके में रहते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार शाम से ही उल्टा रथ मेले में न जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी चल रही थी। आरोप है कि देर रात रेशमी ने अमित से घर लौटते समय मोमोज लाने के लिए कहा था। जब अमित बिना मोमोज के घर पहुंचे तो दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान रेशमी ने कथित तौर पर अमित की छाती पर लात और घूंसे मारे। इसके बाद अमित अचानक गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ गई। घटना के समय दंपति का सात वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद था। पुलिस का कहना है कि बच्चे ने पूछताछ में घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अमित को तत्काल आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय निवासी तनमय अधिकारी ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तब अमित जमीन पर पड़े दर्द से कराह रहा था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतक की बहन झूमा मंडल ने आरोप लगाया कि रेशमी अक्सर अमित के साथ मारपीट करती थी और पैसों को लेकर उस पर दबाव बनाती थी। उनके अनुसार, ऐप-आधारित बाइक राइडर होने के कारण अमित की आय सीमित थी, जिससे आर्थिक तंगी रहती थी और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतक की मां काजल दास ने कहा कि उन्होंने कई बार दोनों को अलग रहने की सलाह दी थी। उनका कहना था कि यदि वे साथ नहीं रह सकते थे तो अलग हो जाते। उनका मानना है कि ऐसा होता तो शायद आज उनका बेटा जीवित होता। चितपुर थाना पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रेशमी दास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in