पाटुली में युवक पर जानलेवा हमला

अभियुक्त गिरफ्तार, कटारी के वार से कटी उंगली
पाटुली में इसी जगह पर हुआ था हमला
पाटुली में इसी जगह पर हुआ था हमला
Published on

कोलकाता : पाटुली थानांतर्गत के श्रीरामपुर रोड स्थित वैली पार्क में शनिवार दोपहर कथित तौर पर एक भाजपा कार्यकर्ता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया । आरोपित ने पीड़ित पर इस कदर हमला किया कि खुद को बचाने के प्रयास में पीड़ित के हाथ की उंगली का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया। घायल व्यक्ति का नाम अनिर्बान मुखर्जी है। उसे रक्तरंजित हालत में इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में अभियुक्त सुदीप दास को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान अनिर्बान मुखर्जी उर्फ पिंटू स्थानीय भाजपा समर्थक हैं। शनिवार दोपहर करीब 12.35 बजे पिंटू जब इलाके में घर-घर पानी की सप्लाई कर रहे थे, तभी वैली पार्क के पास एक किराना दुकान पर उसकी मुलाकात इलाके के ही सुदीप दास उर्फ खटाश उर्फ 'बुड़ो' से हुई, जो तृणमूल का समर्थक बताया जा रहा है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बुड़ो वहां से अचानक चला गया और कुछ ही देर में अपने एक साथी को लेकर लौटा।

भागते हुए गले पर वार करने की कोशिश, हाथ से रोका तो कटी उंगली

आरोप है कि वापस आते ही बुड़ो ने पिंटू पर धारदार 'कटारी' से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपित ने पहले पिंटू के सीने और पीठ पर वार किया। जान बचाने के लिए जब पिंटू वहां से भागने लगा, तो आरोपितों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके गले पर सीधे वार करने की कोशिश की। पिंटू ने जब बचाव में अपना हाथ आगे किया, तो धारदार हथियार के वार से उनके हाथ की उंगली का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पिंटू किसी तरह अपनी साइकिल लेकर पास के एक घर में घुस गए। वहां मौजूद महिलाओं ने जब उनकी यह हालत देखी, तो तुरंत अपने दुपट्टे (ओढ़नी) से उनके हाथ को कसकर बांधा ताकि खून का बहना रुक सके। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in