चंडीगढ़ से ठगे गये रुपये होते थे कोलकाता में ट्रांसफर!

टेंगरा से युवक गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : चंडीगढ़ में हुई साइबर ठगी के मामले में रुपया कोलकाता तक पहुंचने का खुलासा हुआ है। टेंगरा इलाके में छापेमारी कर चंडीगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सोमनाथ साहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन किया और केवाईसी अपडेट नहीं करने पर खाता बंद करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपित ने ओटीपी हासिल कर पीड़ित के बैंक खाते से 3 लाख 60 हजार रुपये निकाल लिये। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम कोलकाता निवासी सोमनाथ साहा के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसी आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने टेंगरा थाने की मदद से आरोपित के घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमनाथ एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करता है। उसके दो परिचितों ने उसके सिम कार्ड का इस्तेमाल कर एक बैंक खाता खोला था। उन्होंने बताया था कि इस खाते में उनके नये व्यवसाय का पैसा आएगा और उसे कारोबार में भागीदार भी बनाया जाएगा। इसी झांसे में आकर सोमनाथ तैयार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को आगे की जांच के लिए चंडीगढ़ ले जाया जा रहा है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in