

सीआईडी ने संभाली जांच, आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कथित कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने राज्य के आदिवासी मामलों के मंत्री खुदिराम टुडू की पहचान का इस्तेमाल कर अधिकारियों को वॉट्सऐप संदेश भेजे और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने जुल्फिकार अली नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शनिवार को सीआईडी ने इस मामले की जांच विधाननगर ईस्ट थाने से अपने हाथ में ले ली।
तीन दिनों तक मंत्री बनकर भेजता रहा संदेश
सीआईडी अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जुल्फिकार अली उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा का निवासी है। आरोप है कि उसने लगातार तीन दिनों तक मंत्री क्षुदिराम टुडू बनकर वॉट्सऐप के जरिए अधिकारियों से संपर्क किया। उसका मकसद कथित तौर पर एसएससी की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करना था। आरोपी को शनिवार सुबह गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
एसएससी सचिव की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
इस मामले की शुरुआत एसएससी सचिव की शिकायत से हुई थी। शिकायत के आधार पर विधाननगर ईस्ट थाने में मामला दर्ज किया गया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी ने जांच की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली। सीआईडी के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (डीजी एवं आईजीपी) नटराजन रमेश बाबू ने कहा कि आरोपी पर वॉट्सऐप संदेशों के जरिए भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप है। उन्होंने कहा, ‘हम संदेशों और अन्य तथ्यों की जांच कर रहे हैं। चूंकि जांच अभी-अभी सीआईडी ने अपने हाथ में ली है, इसलिए फिलहाल मामले के विस्तृत पहलुओं पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी।सीआईडी आरोपी के वॉट्सऐप चैट और बातचीत का पूरा रिकॉर्ड खंगाल रहा है। साथ ही संदेशों के प्राप्तकर्ताओं की पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या इस कथित साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे।