नाबालिग का अपहरण कर शादी का दबाव बनाने का आरोपी गिरफ्तार

जोड़ाबागान थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : उत्तर कोलकाता के जोड़ाबागान इलाके में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे जबरन शादी करने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में पोक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभियुक्त का नाम अरमान आलम है। बुधवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेनियापुकुर निवासी अरमान आलम ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया। आरोप है कि अभियुक्त अरमान आलम ने उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया। जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई को शाम करीब 5 बजे आरोपी नाबालिग को एक वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। बेटी के अचानक लापता होने पर उसके माता-पिता ने जोड़ाबागान थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास के इलाकों के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई और उसके आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया। आखिरकार मंगलवार शाम को डोमजूड़ थाना क्षेत्र के सलप मोड़ के पास से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है और उसका बयान भी दर्ज किया है। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 तथा धारा 3(5) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in