

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में युवक का अपहरण कर 25 हजार रुपये फिरौती मांगने के आरोप में गार्डनरीच थाना पुलिस ने जहीर अली खान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को आरोपी को अलीपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 25 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक विवाद सुलझाने के नाम बिचाली घाट से शिकायतकर्ता के बेटे का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था और उसकी रिहाई के बदले 25 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। आरोप है कि अपहरण के बाद युवक के साथ मारपीट की जा रही थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने यह देख लिया और युवक को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों को सूचित किया तथा उसे घरवालों के सुपुर्द कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गार्डनरीच थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने जाहिर अली खान को गिरफ्तार किया। गुरुवार को आगे की पूछताछ और जांच के लिए उसे अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।