
कोलकाता : महानगर में एक नाइट क्लब में रात भर जमकर शराब पी। उसके साथ डांस भी किया लेकिन सुबह होते ही डांस की लय टूट गई। शहर के एक नाइट क्लब में एक महिला के छेड़छाड़ के आरोप को लेकर माहौल गरमा गया। नाइट क्लब के बाउंसरों ने भी बीच-बचाव किया। आखिरकार हंगामा बढ़ने से पहले ही अभियुक्त युवक को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक का नाम फैजल है। शनिवार को उसे अदालत में पेश करने पर उसे 10 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शुक्रवार रात हो ची मिन्ह सरणी स्थित एक नाइट क्लब गई थी। उसके साथ अन्य साथी भी थे। इसके अलावा आरोपित भी पहुंच गया। वहां अंधेरे में डीजे की धुन पर उसके साथ शराब पी और डांस किया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपित युवक भी जमकर शराब पीकर डांस कर रहा था। उस हालत में वह बार-बार युवती के पास आता रहा। पहले तो उसने मामले को गंभीरता से नहीं लिया लेकिन सुबह होते ही शोर शुरू हो गया। युवती ने आरोप लगाया कि उसने उसके दोस्तों के सामने ही उससे छेड़छाड़ की। इसके बाद युवती और उसके दोस्तों ने विरोध किया। हंगामा शुरू हो गया। नशे की हालत में आरोपित ने उसके साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज की और चिल्लाना शुरू कर दिया। मामला हाथ से निकलता देख बाउंसर भी आ गए। युवक को नाइट क्लब के बाहर ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस नाइट क्लब के बाहर आई और युवक को शेक्सपियर सरणी थाने ले गई। शनिवार की सुबह युवती ने थाने में छेड़छाड़ और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। उसके आधार पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि नाइट क्लब के सीसीटीवी की फुटेज के जरिए घटना की जांच की जा रही है।