

कोलकाता : लक्ष्मीपत सिंघानिया एकेडमी के विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्कूल के दो प्रोजेक्ट ‘METASTANCE’ और ‘GrowEx’ को Atal Innovation Mission की India AI Tinkerpreneur Challenge 2025 में देशभर से चुने गए शीर्ष 50 नवाचारों में शामिल किया गया।
इस प्रतियोगिता में 3,500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। दोनों प्रोजेक्ट को India AI Impact Summit 2026 के दौरान नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और तकनीकी क्षेत्र के विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिला।
विद्यार्थी सौरजेश चटर्जी और अगस्थ्य अग्रवाल द्वारा विकसित METASTANCE AI आधारित बॉडी मैपिंग और हल्के हैप्टिक फीडबैक के माध्यम से गलत पोस्चर और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं पर काम करता है।
वहीं ऋषि धरेवा और तनिष केडिया का GrowEx सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों के लिए किफायती AI-संचालित हाइड्रोपोनिक खेती की अवधारणा प्रस्तुत करता है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस उपलब्धि से विद्यार्थियों को AI के व्यावहारिक, नैतिक और सामाजिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।
संस्थान ने इसे अनुभवात्मक STEM शिक्षा और समस्या-समाधान आधारित सीखने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।