

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वर्मवुड होटल्स ने पश्चिम बंगाल में अपने कारोबार के विस्तार के लिए 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इस निवेश से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में नए होटल खोले जाएंगे, जिससे 500 से 700 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के अनुभवी सौम्या सेनगुप्ता द्वारा स्थापित वर्मवुड होटल्स को साइनर्जी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड का समर्थन प्राप्त है। कंपनी ने बिहार के भागलपुर से अपनी शुरुआत की और अब पुरी, वाराणसी और दार्जिलिंग में अपने होटल संचालित कर रही है।
कंपनी ने पश्चिम बंगाल को अपना प्रमुख विस्तार क्षेत्र बनाया है। शांतिनिकेतन, दीघा और सिलीगुड़ी में जल्द ही नई होटल प्रॉपर्टीज शुरू की जाएंगी। इसके अलावा सुंदरबन में इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट के लिए जमीन ली गई है, जबकि कोलकाता में एक फ्लैगशिप होटल के लिए भी जगह की तलाश जारी है।
कोविड-19 के बाद देश के होटल उद्योग में तेजी आई है और अवकाश व धार्मिक पर्यटन के कारण मांग बढ़ी है। वर्मवुड होटल्स तीन-स्टार कीमत पर पांच-स्टार जैसी सुविधाएं देने पर ध्यान दे रही है।
वर्मवुड होटल्स के संस्थापक सौम्या सेनगुप्ता ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में मजबूत हॉस्पिटैलिटी ढांचा तैयार करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य के पर्यटन विकास में योगदान देना है।