

कोलकाता : उत्तर कोलकाता के व्यस्त कारोबारी इलाके में एक 48 वर्षीय महिला दुकान संचालिका को कथित तौर पर प्रताड़ित करने, डराने-धमकाने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना जोड़ाबागान थाना क्षेत्र के काली कृष्ण टैगोर स्ट्रीट स्थित एक दुकान में हुई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए पीड़िता पर दबाव बनाने की कोशिश की।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे शोभाराम वैशाख स्ट्रीट निवासी मातादीन नामक व्यक्ति दुकान में पहुंचा। बताया गया है कि वह इससे पहले भी कई बार महिला का पीछा कर चुका था और उसके आसपास संदिग्ध रूप से मंडराता देखा गया था। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने महिला से उसका निजी मोबाइल नंबर मांगा। इनकार किए जाने पर वह नाराज होकर वहां से चला गया और बाद में फोन के जरिए दबाव बनाने लगा। कुछ समय बाद वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और महिला को पास की एक ज्वेलरी दुकान तक आने को कहा। वहां पहुंचने पर उसने कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर उसने महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी तथा 2.5 लाख रुपये की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार यह दावा कर रहा था कि उसके साथ कई प्रभावशाली लोग जुड़े हुए हैं। इसी दौरान उसने एक पूर्व महिला पार्षद का नाम भी लिया ताकि भय का माहौल बनाया जा सके। हालांकि जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उक्त पार्षद का इस पूरे प्रकरण से कोई संबंध नहीं है और उनका नाम केवल दबाव बनाने के उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया।