

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.09 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर इकबालपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इब्राहिम रोड निवासी जरीन बेगम ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2023 से आरोपी शब्बीर अहमद, साजदा बेगम तथा अन्य लोगों ने आपराधिक साजिश के तहत उन्हें बाजार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों के आश्वासन पर विश्वास कर जरीन बेगम ने विभिन्न चरणों में यूपीआई के माध्यम से कुल 2 करोड़ 9 लाख 40 हजार रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर किए। पीड़िता का आरोप है कि निवेश के बदले न तो उन्हें कोई लाभ मिला और न ही उनकी मूल राशि वापस की गई। इस प्रकार आरोपियों ने कथित तौर पर 2.09 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों व डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।