बेलियाघाटा की महिला के बैंक अकाउंट में आए 47 करोड़ रुपये!

रकम के स्रोत की जांच शुरू
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बेलियाघाटा की एक महिला के बैंक खाते में अचानक 47 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा होने का मामला सामने आया है। इतनी बड़ी राशि खाते में आने के बाद बैंक ने खाता बंद कर दिया। महिला ने मामले की शिकायत बेलियाघाटा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बेलियाघाटा की रहने वाली महिला होम डिलीवरी का काम करती है। वह अपने कारोबार से होने वाली आय को बैंक खाते में जमा करती थी। कुछ दिनों पहले अचानक उनका बैंक खाता बंद हो गया, जिसके बाद वह जानकारी लेने के लिए बैंक की बेलियाघाटा शाखा पहुंची। बैंक अधिकारियों ने उन्हें बताया कि आयकर विभाग की सिफारिश के आधार पर उनका खाता बंद किया गया है। बैंक रिकॉर्ड में उनके खाते में 47 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा दिखाई दे रही है। इतनी बड़ी रकम की जानकारी मिलने के बाद महिला खुद थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उनके व्यवसाय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा बैंक अधिकारियों से भी जानकारी ली गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि इतनी बड़ी राशि जमा होने में महिला की कोई भूमिका नहीं है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं साइबर जालसाजों ने किसी तरह यह रकम उनके खाते में तो नहीं भेजी या फिर बैंक की किसी तकनीकी गलती के कारण यह राशि दर्ज हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और रकम के वास्तविक स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in