फेशियल कराने गयी महिला का चेहरा झुलसा, मामला दर्ज

सर्वे पार्क थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : अपने चेहरे को और चमकाने और जवान दिखने के लिए ब्यूटी पार्लर जाना एक महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि फेशियल कराने के दौरान महिला के चेहरे पर ब्यूटी पार्लर की कर्मचारी ने गर्म पानी गिरा दिया। हादसे में महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घटना सर्वे पार्क थानांतर्गत हाईलैंड पार्क इलाके के एक मॉल में स्थित एक फैमिली सैलून की है। पीड़िता की पहचान ऐश्वर्या नाथ (32) के रूप में हुई है। वह राजपुर सोनारपुर की निवासी हैं। घटना के बाद पीड़िता ने सैलून की महिला कर्मचारी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे ऐश्वर्या नाथ सैलून में फेशियल कराने गई थीं। इसी दौरान सैलून की कर्मचारी प्रिया तांती ने कथित तौर पर लापरवाही बरतते हुए गरम भाप वाला पानी सीधे उनके चेहरे और गर्दन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें तेज जलन, दर्द होने लगा। घटना के बाद पीड़िता के चेहरे और गर्दन पर जलन, लालिमा और जलने के स्पष्ट निशान दिखाई देने लगे। आरोप है कि घटना के तुरंत बाद न तो कर्मचारी और न ही सैलून प्रबंधन द्वारा कोई उचित प्राथमिक उपचार किया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पीड़िता को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इसके बाद उन्होंने प्लास्टिक सर्जन से परामर्श लिया, जिन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट में इसे मिक्स्ड सेकेंड डिग्री फेशियल बर्न (चेहरा व गर्दन) बताया है। ऐश्वर्या नाथ ने आरोप लगाया है कि यह घटना सैलून कर्मचारी की घोर लापरवाही, असावधानी और असुरक्षित कार्यप्रणाली का परिणाम है, जिसके लिए सैलून प्रबंधन भी समान रूप से जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से उन्हें शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ मानसिक तनाव, पेशेवर नुकसान और भविष्य में त्वचा को होने वाले संभावित स्थायी नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in