

वाटगंज थाना में मामला दर्ज
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोशल मीडिया के जरिए तांत्रिक क्रिया, दांपत्य जीवन की समस्याएं दूर करने और स्वास्थ्य सुधार का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। वाटगंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी ने खुद को "तांत्रिक श्री देवाशीष" बताकर एक महिला से कुल 7,66,345 रुपये ऐंठ लिए।
फेसबुक के जरिए हुआ था संपर्क
पीड़ित महिला बैशाली मित्रा ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि 31 अगस्त 2026 को फेसबुक स्क्रॉल करते समय उनकी नजर "तांत्रिक श्री देवाशीष" नामक एक प्रोफाइल पर पड़ी। अपनी निजी समस्याओं के समाधान के लिए महिला ने प्रोफाइल पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
मौत और अनिष्ट का डर दिखाकर ऐंठे रुपये
आरोपी ने महिला को झांसा दिया कि अनुष्ठान/विशेष पूजा के जरिए उसके पति के साथ संबंधों में सुधार होगा, स्वास्थ्य बेहतर होगा और भविष्य में कोई अनहोनी नहीं होगी। शुरुआत में आरोपी ने 8,750 रुपये के साथ महिला की तस्वीरें और जन्म तिथि मांगी। इसके बाद अलग-अलग पूजा और क्रियाओं का बहाना बनाकर लगातार और पैसों की मांग की जाने लगी। जब महिला ने और पैसे देने से मना किया या दिए गए पैसे वापस मांगे, तो आरोपी उन्हें डराने-धमकाने लगा। आरोपी ने धमकी दी कि अगर बात नहीं मानी गई या किसी को इस बारे में बताया गया तो जानलेवा परिणाम और गंभीर अनिष्ट हो सकता है। डर और मानसिक दबाव में आकर महिला ने विभिन्न यूपीआई और बैंक खातों में कुल 7,66,345 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पैसे लेने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं हुआ और लगातार धमकियां मिलती रहीं, तो पीड़िता ने वाटगंज थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और साइबर फ्रॉड की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और फेसबुक प्रोफाइल का पता लगाने में जुटी हुई है।