महिला आयोग ने नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या पर रिपोर्ट तलब की

बारुईपुर में हुई थी नाबालिक से दुष्कर्म व हत्या
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राष्ट्रीय महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक नाबालिग से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में सोमवार को स्वत: संज्ञान लिया तथा राज्य पुलिस से सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी। आयोग ने घटना पर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त करते हुए पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से जांच की प्रगति के विवरण सहित विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। आयोग ने ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या तथा इसके बाद हुई भीड़ हिंसा से संबंधित अत्यंत चिंताजनक खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है।’’ बयान के अनुसार, आयोग ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और ‘पॉक्सो’ अधिनियम के उपयुक्त प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने, कथित दुष्कर्म और हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा जांच की प्रगति से संबंधित जानकारी मांगी है।

आयोग ने इसके अलावा बाद में हुई भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की घटना की जांच, इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई, पुलिस व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक की जांच, व्यापक फॉरेंसिक एवं पोस्टमॉर्टम जांच तथा पीड़िता के परिवार को उपलब्ध कराई गई चिकित्सीय, मनोवैज्ञानिक, कानूनी और मुआवजा संबंधी सहायता का भी ब्योरा मांगा है। बयान में कहा गया कि आयोग ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक से सात दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर अपना रुख दोहराते हुए कहा कि वह महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों को ‘‘कतई बर्दाश्त नहीं’’ की नीति का पालन करता है तथा मामले की त्वरित, निष्पक्ष और व्यापक जांच तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in