बिजनेस लोन के नाम पर 16 लाख से अधिक की ठगी

महिला ने आनंदपुर थाने में दर्ज करायी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर एक महिला से 16.17 लाख रुपये की ठगी की गई। घटना को लेकर आनंदपुर इलाके की निवासी मैत्रेयी दे ने आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

क्या है पूरा मामला

पीड़िता के अनुसार, 13 अक्टूबर 2025 को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें खुद को लेंडिंग कंपनी से बताकर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लोन देने की बात कही गई। इसके बाद 24 अक्टूबर को व्हाट्सऐप पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें 50,000 से 20 लाख रुपये तक के लोन, कम ब्याज दर और सरकारी सब्सिडी का लालच दिया गया। आकर्षक शर्तों के कारण मैत्रेयी दे ने लोन के लिए आवेदन किया और मांगे गए दस्तावेज साझा कर दिए। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर कंपनी के कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग चरणों में विभिन्न शुल्क जमा करने के लिए कहा गया। 3 नवंबर 2025 को उन्हें 10.90 लाख रुपये के लोन का अप्रूवल लेटर भेजा गया और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 6,200 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद लगातार अलग-अलग बहानों से पैसे मांगे जाते रहे, जैसे लोन प्रोसेसिंग, जीएसटी, बीमा, स्टांप ड्यूटी, आय प्रमाण, सरकारी बॉन्ड आदि के नाम पर। पीड़िता ने बताया कि आरोपितों ने कई अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। भरोसा जीतने के लिए वे लगातार संपर्क में रहे और आश्वासन देते रहे कि पूरा पैसा लोन के साथ वापस कर दिया जाएगा। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच भी उनसे बार-बार रकम वसूली गई। बाद में नये लोगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के नाम पर फिर पैसे मांगे। मार्च 2026 में जब पीड़िता ने संपर्क करने की कोशिश की तो सभी फोन नंबर बंद मिले, जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

मैत्रेयी दे का कहना है कि आरोपितों ने उनकी आर्थिक जरूरत का फायदा उठाकर उन्हें झांसे में लिया और योजनाबद्ध तरीके से 16 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनका पैसा वापस दिलाया जाए।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in