

कोलकाता : महानगर के एक घर में खुद को साधु बताकर आए तीन बदमाशों ने एक महिला को अपने झांसे में लेकर उसकी सोने की चेन ठग ली। घटना न्यू मार्केट थानांतर्गत एसएस बनर्जी रोड की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जादू-टोने और बरकत का दिया झांसा
पीड़िता आशा देवी (40) ने पुलिस को बताया कि रविवार, 3 मई की दोपहर करीब 1.30 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति उनके घर के दरवाजे पर आए। भगवा वस्त्र पहने इन व्यक्तियों ने खुद को साधु बताया और भोजन की मांग की। परिवार का विश्वास जीतने के लिए उन्होंने कुछ 'चमत्कार' दिखाए और महिला को धान के कुछ दाने दिए। ठगों ने दावा किया कि इन दानों को तिजोरी में रखने से धन की वर्षा होगी, लेकिन इसके लिए परिवार के हर सदस्य के नाम पर 51 दाने गिनने की शर्त रखी।
हाथ की सफाई से गायब की चेन
ठगों ने महिला को झांसा दिया कि यदि वह अपनी सोने की चेन उन्हें देती है, तो वे उस पर विशेष पूजा और 'जादू' करेंगे, जिससे सोने की मात्रा बढ़ जाएगी। उनकी बातों में आकर आशा देवी ने अपनी चेन उन्हें सौंप दी। ठगों ने बड़ी चतुराई से हाथ की सफाई दिखाई और चेन को महिला की साड़ी के पल्लू में बांधने का नाटक किया। इसके तुरंत बाद वे वहां से रफूचक्कर हो गए। जब महिला ने पल्लू खोलकर देखा, तो वहां चेन की जगह सिर्फ धान के दाने थे।
धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़िता ने शोर मचाया और न्यू मार्केट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।